
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की आवाज भी जुड़ गई है। अभिनेता और गायक रितेश पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
भरत तिवारी के घर पहुंचे रितेश पांडेय
शुक्रवार को भोजपुरी अभिनेता और गायक रितेश पांडेय भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने भरत तिवारी की मां आशा देवी, पिता, भाई और बहन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में वह उनके साथ खड़े रहेंगे।
‘यह एनकाउंटर नहीं, नृशंस हत्या है’
परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में रितेश पांडेय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इसे केवल एनकाउंटर नहीं कहा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक नृशंस हत्या का मामला है। उनके अनुसार, भरत तिवारी समाज के गरीब, वंचित और विस्थापित लोगों की आवाज उठाने वाले युवा थे, जिनकी मौत से पूरे समाज को गहरा आघात पहुंचा है।

CBI जांच की मांग पर दिया जोर
रितेश पांडेय ने कहा कि परिवार की सबसे बड़ी मांग सीबीआई जांच है और सरकार को इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनका मानना है कि स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच होने से पूरे मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित होगी और सच्चाई सामने आएगी।
परिवार ने धमकियों का भी लगाया आरोप
अभिनेता ने बताया कि परिजनों ने उनसे कहा है कि उन्हें अब भी धमकियां मिल रही हैं। यदि ऐसा है तो यह बेहद गंभीर विषय है और सरकार को तत्काल इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
संविधान और न्यायपालिका पर जताया भरोसा
रितेश पांडेय ने कहा कि उन्हें देश के संविधान और न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से दोषियों की पहचान होगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि जिन अधिकारियों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वही जांच प्रक्रिया का हिस्सा बने रहेंगे तो निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठ सकते हैं।
