
देशभर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम का अब साइबर अपराधियों ने गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इस डिजिटल ट्रेंड को हथियार बनाकर ठग लोगों को फर्जी लिंक भेज रहे हैं और उन्हें सिस्टम बदलने व बड़ी जिम्मेदारी देने का लालच दिया जा रहा है। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो जाता है और साइबर अपराधियों को बैंकिंग समेत निजी जानकारी तक पहुंच मिल जाती है। लुधियाना पुलिस ने इस बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
फर्जी लिंक से फोन हैक, बैंकिंग और निजी डेटा पर साइबर ठगों की नजर
पुलिस जांच में सामने आया है कि ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और मैसेंजर के जरिए फर्जी लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक पर लिखा होता है कि “देश बदलना है तो पार्टी से जुड़ें” और रजिस्ट्रेशन के लिए क्लिक करें। जैसे ही यूजर इस लिंक को खोलता है, उसका फोन रिमोट एक्सेस के जरिए हैक हो जाता है। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंक डिटेल, पासवर्ड, फोटो और अन्य निजी जानकारी साइबर अपराधियों के कब्जे में चली जाती है। इसी जानकारी के आधार पर वे खाते खाली करने या ब्लैकमेल करने जैसे अपराध को अंजाम देते हैं।

फर्जी ग्राफिक और पद के लालच से भी हो रही ठगी, युवाओं को बनाया जा रहा निशाना
इस नए साइबर फ्रॉड में ठग केवल लिंक ही नहीं, बल्कि आकर्षक ग्राफिक्स और “पार्टी में पद” देने का लालच भी दे रहे हैं। लोगों से उनकी फोटो मांगी जाती है और फिर एडिटेड ग्राफिक भेजकर उन्हें पार्टी का पदाधिकारी दिखाया जाता है। इससे लोग भ्रमित हो जाते हैं और खुद को संगठन से जुड़ा हुआ मान लेते हैं। लेकिन असल में यही फोटो और डेटा फर्जी आईडी, लोन और क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। युवाओं को विशेष रूप से इस तरह के ट्रैप में फंसाया जा रहा है, जिससे पुलिस ने गंभीर चेतावनी जारी की है।
लुधियाना पुलिस की एडवाइजरी और 42 सेकेंड का जागरूकता वीडियो जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए 42 सेकेंड का एक विशेष वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में बताया गया है कि एक छोटी सी लापरवाही किस तरह से पूरा बैंक खाता खाली कर सकती है। पुलिस ने बताया कि अब तक 6 से 7 शिकायतें सामने आई हैं, हालांकि किसी बड़े वित्तीय नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। साइबर पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदेह होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।
