Congress protest: दिल्ली AI समिट में यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रदर्शन, पुलिस ने 10 को हिरासत में लिया

Congress protest: राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी शर्ट उतार दी। विरोध प्रदर्शन का कारण अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते का विरोध बताया गया। इस कारण भारत मंडपम स्थित समिट हॉल में अव्यवस्था उत्पन्न हुई और सुरक्षा कर्मियों को स्थिति संभालनी पड़ी।
पुलिस ने हिरासत में लिया 10 प्रदर्शनकारी
विरोध प्रदर्शन पांच दिवसीय शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन हुआ, जिसमें वैश्विक नेता और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ एआई के भविष्य पर चर्चा करने के लिए मौजूद थे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह सत्यापित कर रही है कि प्रदर्शन के समय सभी प्रदर्शनकारी वैध प्रवेश पास के साथ थे या नहीं।

सोशल मीडिया और भाजपा ने कड़ी आलोचना की
सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कृत्य पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई यूजर्स ने इसे वैश्विक मंच पर देश का अपमान करने वाला बताया। भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने इसे ‘राष्ट्रीय कलंक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत की वैश्विक छवि को धूमिल किया और विश्व मंच पर देश का अपमान किया।
रक्षा मंत्री और CM योगी ने किया विरोध
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई समिट के दौरान अनुचित व्यवहार किया और भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास किया। CM योगी ने इसे ‘घृणित काम’ बताया और कहा कि कांग्रेस ने भारत मंडपम में अराजकता फैलाकर देश की छवि खराब की। दिल्ली मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह हंगामा राहुल गांधी के नेतृत्व में रचा गया और देश का मान-सम्मान विदेशी मेहमानों के सामने धूमिल किया गया।
