Australia vs England: इंग्लैंड ने Sydney टेस्ट के लिए अंतिम 12 सदस्यीय स्क्वाड किया घोषित

Australia vs England: एशेज 2025-26 सीरीज इंग्लैंड के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पहले तीन टेस्ट मैचों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में वापसी की उम्मीद जगाई है। टीम अब सीरीज का अंतिम मैच, जो 4 जनवरी 2026 को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर खेला जाएगा, उसे जीत के साथ समाप्त करने की कोशिश करेगी। अंतिम मैच से 48 घंटे पहले ही इंग्लैंड ने अपनी 12-सदस्यीय स्क्वाड की घोषणा कर दी है।
शाइब बशीर और मैथ्यू पॉट्स को किया शामिल
इंग्लैंड ने सिडनी टेस्ट के लिए अपनी 12-सदस्यीय स्क्वाड में तेज गेंदबाज गस एटकिन्सन को ड्रॉप कर दिया है, जो बॉक्सिंग डे टेस्ट में प्लेइंग XI का हिस्सा थे। इंग्लैंड मैच के दिन टॉस के समय अपनी अंतिम प्लेइंग XI तय करेगा, जिससे एक और खिलाड़ी को ड्रॉप किया जाएगा। स्क्वाड में स्पिनर शाइब बशीर को शामिल किया गया है, जिन्होंने अब तक इस टेस्ट सीरीज में खेला नहीं है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के इतिहास को देखते हुए, संभावना है कि बशीर अंतिम मैच में खेल सकते हैं। इसके अलावा तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स को भी सिडनी टेस्ट के लिए चुना गया है।
इंग्लैंड की सिडनी टेस्ट के लिए 12 सदस्यीय स्क्वाड
सिडनी टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 12 सदस्यीय स्क्वाड में शामिल खिलाड़ी हैं: बेन स्टोक्स (कप्तान), शाइब बशीर, जैकब बेटहेल, जो रूट, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, बेन डकेट, विल जैक्स, मैथ्यू पॉट्स, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टॉन्ज। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। टीम के खिलाड़ियों को इस मैदान पर खेलने का अनुभव है और यह मैच उनके लिए अहम साबित हो सकता है।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड का रिकॉर्ड
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड ने पहला टेस्ट 1882 में खेला था। तब से अब तक इंग्लैंड ने इस मैदान पर कुल 57 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 22 जीत, 27 हार और 8 ड्रॉ दर्ज किए गए हैं। इंग्लैंड की इस मैदान पर आखिरी टेस्ट जीत 2011 में आई थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 83 रन से हराया था। इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड और पिछली जीत के भरोसे इंग्लैंड इस बार भी अंतिम टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा और सीरीज को सम्मानजनक तरीके से समाप्त करना चाहेगा।
