Zupee layoffs: नई पॉलिसी के चलते 170 कर्मचारियों की नौकरी पर चला गाज

Zupee layoffs: भारत में ऑनलाइन गेमिंग पर नए प्रमोशन एंड रेग्युलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 के लागू होने के बाद कई कंपनियों को अपने कारोबार में बड़े बदलाव करने पड़े हैं। इन्हीं में से एक प्रमुख प्लेटफ़ॉर्म है ज़ूपी (Zupee)। कंपनी ने अपने कुल कर्मचारियों में से लगभग 170 कर्मचारियों यानी 30 प्रतिशत स्टाफ को बाहर का रास्ता दिखाया है। कंपनी का कहना है कि वह अब अपने बिज़नेस मॉडल को नए क़ानून के अनुरूप ढाल रही है और इसी वजह से यह कदम उठाना पड़ा।
सामाजिक खेल और सांस्कृतिक कंटेंट पर फोकस
ज़ूपी ने स्पष्ट किया है कि आगे चलकर उसका ध्यान मुख्य रूप से सोशल गेम्स और संस्कृति से जुड़े शॉर्ट वीडियो कंटेंट पर रहेगा। कंपनी का मानना है कि इस दिशा में काम करने से उसका कारोबार भविष्य में और तेजी से बढ़ेगा और नए अवसर मिलेंगे। ज़ूपी के फ़ाउंडर और सीईओ दिलशेर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की छंटनी करना मजबूरी बन गई थी, लेकिन यह निर्णय बेहद कठिन था क्योंकि सभी कर्मचारियों ने कंपनी के निर्माण और विकास में अहम योगदान दिया है।

प्रभावित कर्मचारियों के लिए वित्तीय राहत
कंपनी ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए एक विस्तृत राहत पैकेज का ऐलान किया है। इसमें न केवल सामान्य नोटिस पीरियड का भुगतान शामिल है, बल्कि कर्मचारियों की सेवा अवधि के आधार पर अतिरिक्त वित्तीय मदद भी दी जा रही है। कुछ कर्मचारियों को तो छह महीने तक की आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके अलावा, सभी प्रभावित कर्मचारियों को उनके कार्यकाल की शेष अवधि तक स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिलेगा। साथ ही कंपनी ने एक 1 करोड़ रुपये का मेडिकल सपोर्ट फंड भी बनाया है ताकि ज़रूरत पड़ने पर कर्मचारियों को अतिरिक्त सहायता दी जा सके।
गेम्स 24×7 में भी छंटनी की तैयारी
सिर्फ ज़ूपी ही नहीं, बल्कि अन्य डिजिटल गेमिंग कंपनियाँ भी कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, गेम्स 24×7 ने भी अपने लगभग 70 प्रतिशत कर्मचारियों को निकालने का फैसला लिया है। इस निर्णय से करीब 500 स्टाफ प्रभावित होंगे। वर्तमान में कंपनी में लगभग 700 से 750 लोग कार्यरत हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कंपनी के एक कर्मचारी ने इस जानकारी की पुष्टि भी की है। इन घटनाओं से साफ है कि ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में नया क़ानून उद्योग की दिशा और ढांचे में बड़ा बदलाव ला रहा है।
