मनोरंजन

Varinder Singh Ghuman Death: फोर्टिस हॉस्पिटल में हुआ ऐसा क्या कि खत्म हो गई बॉडीबिल्डर की जान?

Varinder Singh Ghuman Death: पंजाब और हिंदी सिनेमा जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुमन का 53 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वरिंदर सिंह घुमन की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। वे अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में अपने बाइसेप्स की एक छोटी सर्जरी करवाने गए थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मृत्यु हो गई। इस खबर ने पूरे मनोरंजन जगत और बॉडीबिल्डिंग समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।

फोर्टिस अस्पताल में सर्जरी के दौरान हुआ हार्ट अटैक

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वरिंदर सिंह घुमन अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में अपने बाइसेप्स की चोट के इलाज के लिए गए थे। यह एक साधारण और छोटी सर्जरी थी, इसलिए वे अकेले ही अस्पताल गए थे। लेकिन ऑपरेशन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वरिंदर को बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर जैसे ही सामने आई, पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने उनके निधन की जानकारी सबसे पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की और शोक व्यक्त किया।

राजनेताओं और खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में पंजाबी भाषा में लिखा, “पंजाब के मशहूर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुमन जी के अचानक निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर उन्होंने पंजाब का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया। वाहेगुरु जी उनके आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुखद घड़ी में शक्ति प्रदान करें।”
इसी तरह, भारत की हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परजायत सिंह ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि वरिंदर घुमन पूरी तरह शाकाहारी बॉडीबिल्डर थे और उन्होंने अनुशासन व मेहनत से अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से खेल और फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

कौन थे वरिंदर सिंह घुमन?

वरिंदर सिंह घुमन न सिर्फ एक सफल अभिनेता थे, बल्कि वे भारत के पहले शाकाहारी प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर भी थे। उन्होंने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था और मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। बॉडीबिल्डिंग में उनकी सफलता के बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उनकी पहली पंजाबी फिल्म “कबड्डी वंस मोर” वर्ष 2012 में आई थी, जिसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी काम किया। वे सलमान खान की फिल्म “टाइगर 3” (2023), “रोअर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन” (2014) और “मरजावां” (2019) जैसी फिल्मों में नजर आए थे। वरिंदर अपने विशाल शरीर, सादगी और अनुशासित जीवनशैली के लिए जाने जाते थे।

उनकी अचानक मौत ने न केवल उनके प्रशंसकों को बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। एक ऐसे समय में जब वरिंदर फिल्मों में सक्रिय थे और अपने करियर की नई ऊंचाइयों को छू रहे थे, उनका यूं अचानक चले जाना वाकई एक बड़ी क्षति है। पंजाब और बॉलीवुड दोनों ही जगत ने एक अनुशासित, मेहनती और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को खो दिया है। वाहेगुरु उनके परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button