IPL 2026 में CSK vs DC मैच के बाद नितीश राणा पर कड़ी कार्रवाई

आईपीएल 2026 के 18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में रोमांचक टक्कर देखने को मिली, जिसमें चेन्नई ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। लेकिन यह मैच सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहा बल्कि मैदान पर बड़ा विवाद भी देखने को मिला। दिल्ली की पारी के दौरान ट्रिस्टन स्टब्स द्वारा ग्लव्स बदलने की मांग को अंपायर ने अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद माहौल अचानक गरमा गया।
अंपायर से बहस के बाद नितीश राणा पर फूटा एक्शन का चाबुक
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज Nitish Rana बाउंड्री लाइन के पास चौथे अंपायर से तीखी बहस करते नजर आए। विवाद इतना बढ़ गया कि मैदान पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पारी के 19वें ओवर में हुई इस बहस के बाद मामला गंभीर हो गया और अब बीसीसीआई ने इस पर आधिकारिक कार्रवाई करते हुए नितीश राणा को सजा सुनाई है।

IPL कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन पर 25 प्रतिशत जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट
IPL की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि नितीश राणा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। उन्हें IPL कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह उल्लंघन आर्टिकल 2.3 के तहत आता है, जो मैच के दौरान अनुचित या आपत्तिजनक व्यवहार से जुड़ा होता है। राणा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान भी लिया है।
CSK कप्तान गायकवाड़ पर भी गिरी गाज स्लो ओवर रेट बना कारण
इस मुकाबले के बाद सिर्फ नितीश राणा ही नहीं बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर भी कार्रवाई हुई है। टीम पर स्लो ओवर रेट के चलते 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह CSK का इस सीजन का पहला ओवर रेट अपराध था, जिसके चलते कप्तान को व्यक्तिगत रूप से जुर्माना भुगतना पड़ा। अब दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला 18 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेला जाएगा।
