Stock Market Today: RBI की नई तरलता योजना के बावजूद शेयर बाजार में शुक्रवार को आया दबाव

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कमजोरी दिखाई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 367 अंक गिरकर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 भी दबाव में रहा और लगभग 26,050 के स्तर पर कारोबार करते हुए बंद हुआ। निवेशकों की सतर्कता और कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में भारी बिकवाली के कारण बाजार में यह गिरावट देखने को मिली। बाजार में निवेशक असमंजस और जोखिम को देखते हुए अधिकतर शेयर बेचने में सक्रिय रहे।
किन सेक्टर्स में दिखा दबाव
सेक्टरवार नजर डालें तो, धातु (Metal) और रियल्टी (Realty) स्टॉक्स ने बाजार को कुछ हद तक समर्थन दिया। लेकिन आईटी, ऑटो, बैंकिंग और हेल्थकेयर जैसे प्रमुख सेक्टर्स में भारी बिकवाली के कारण बड़े इंडेक्स पर दबाव बना रहा। विशेष रूप से आईटी और बैंकिंग सेक्टर में कमजोरी ने निवेशकों की भावना को नकारात्मक बना दिया, जिससे दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद बाजार लाल निशान में बंद हुआ।
विशेषज्ञों की राय
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर के अनुसार, इस सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में ट्रेडिंग सत्र कम होने के कारण बाजार सीमा में ही रहा। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा घोषित तरलता बढ़ाने वाले उपायों से बैंकिंग सिस्टम में नकदी की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है और इससे मनी मार्केट में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
RBI के उपाय और उनका प्रभाव
भारतीय रिजर्व बैंक ने मंगलवार को घोषणा की कि वह ₹2 लाख करोड़ के सरकारी बॉन्ड खरीदेंगे ताकि बैंकिंग सिस्टम में तरलता बढ़ाई जा सके। इसके अलावा, RBI ने $10 बिलियन डॉलर-रुपये स्वैप (Buy-Sell) नीलामी की भी घोषणा की। RBI के अनुसार, ओपन मार्केट ऑपरेशंस (OMO) के तहत बॉन्ड खरीद और डॉलर-रुपये स्वैप नीलामी 29 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी। इस उपाय से वित्तीय बाजारों में स्थिरता आएगी और तरलता की स्थिति मजबूत होगी, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ने की संभावना है।
