स्मृति मंधाना ने फिर हासिल किया ICC ODI बल्लेबाजों में नंबर-1 का स्थान

ICC ने महिला क्रिकेट की ताजा रैंकिंग का ऐलान कर दिया है और इसमें बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर फिर से ODI क्रिकेट में नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया तीन मैचों की ODI सीरीज में मंधाना ने टीम के लिए अहम पारियां खेलीं, जिससे उनका नाम ICC रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर आया। मंधाना ने इस सीरीज में 58 और 31 रनों की पारियां खेलीं।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने बनाई नई पहचान
ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और एलिसा हीली ने भी इस रैंकिंग अपडेट में बड़ी छलांग लगाई है। टीम इंडिया के खिलाफ आखिरी मैच में बेथ मूनी और एलिसा हीली ने शानदार शतक बनाया और दोनों ने क्रमशः दो-दो पायदान की उन्नति की। मूनी अब तीसरे स्थान पर हैं, जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने वाली हीली चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। भारत के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट के बाद हीली इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगी।

हरमनप्रीत कौर को भी मिला फायदा
तीन मैचों की ODI सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रैंकिंग में फायदा उठाया। हरमनप्रीत ने क्रमशः 53, 54 और 25 रन बनाकर अपनी रैंकिंग में चार स्थान की बढ़त हासिल की और अब वह नौवें नंबर पर हैं। उनका यह प्रदर्शन टीम के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इस तरह भारतीय टीम की बल्लेबाजों ने हार के बावजूद अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की।
ऑलराउंडर रैंकिंग में उतार-चढ़ाव
ODI ऑलराउंडर रैंकिंग में ऐश गार्डनर अब भी नंबर-1 बनी हुई हैं, जबकि हेली मैथ्यूज दूसरे स्थान पर हैं। ऐश गार्डनर की रेटिंग 516 है और हेली मैथ्यूज की रेटिंग 418। एनाबेल सदरलैंड ने दो स्थान की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर पहुंच गईं। मारिजान कैप दो स्थान खोकर चौथे स्थान पर हैं। भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह पांचवें पायदान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग ने चार स्थान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर कब्जा किया।
