CSK से अलग होने के मूड में Ravichandran Ashwin, IPL 2026 से पहले टीम को किया सूचित

Ravichandran Ashwin: IPL के 19वें सीज़न की तैयारियाँ ज़ोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं, जो वर्ष 2026 में खेला जाएगा। सभी 10 फ्रेंचाइज़ियाँ अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए रणनीतियाँ बना रही हैं। इस सीज़न के लिए एक मिनी ऑक्शन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें किन-किन खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा, यह टीमों द्वारा जारी की जाने वाली रिटेंशन और रिलीज़ लिस्ट के बाद ही साफ हो पाएगा। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है कि पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, जो पिछले सीज़न में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा थे, उन्होंने फ्रेंचाइज़ी से अलग होने का मन बना लिया है।
सीएसके से अलग होने का फैसला क्यों?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स छोड़ने का निर्णय क्यों लिया है, लेकिन Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने इस फैसले की जानकारी खुद फ्रेंचाइज़ी को दे दी है। पिछले कुछ दिनों से CSK प्रबंधन और खिलाड़ियों के बीच बैठकें चल रही थीं, जिसमें टीम के पूर्व और वर्तमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रुतुराज गायकवाड़ भी शामिल थे। इन बैठकों में आगामी सीज़न की रणनीतियों पर चर्चा की जा रही थी। अश्विन को पिछले मेगा ऑक्शन में CSK ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब उनके टीम से अलग होने की खबरें क्रिकेट जगत में हलचल मचा रही हैं।
IPL 2025 में अश्विन का प्रदर्शन रहा फीका
रविचंद्रन अश्विन का पिछले सीज़न यानी IPL 2025 में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्हें 9 मैचों में मौका मिला, जिसमें वह सिर्फ 7 विकेट ही ले सके। उनका गेंदबाजी औसत 40.43 रहा, जो एक अनुभवी खिलाड़ी के लिहाज से काफी निराशाजनक था। वहीं, बल्ले से भी अश्विन का प्रदर्शन सिर्फ 33 रन तक ही सीमित रहा। ऐसे में फ्रेंचाइज़ी प्रबंधन और खुद अश्विन दोनों ही इस प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं नजर आए और शायद यही कारण है कि उन्होंने टीम से अलग होने का विचार किया है।
IPL करियर में अश्विन का प्रभावशाली सफर
हालांकि, अगर उनके पूरे IPL करियर पर नजर डालें तो अश्विन ने अब तक 221 मैचों में 187 विकेट चटकाए हैं, जिसमें उनका औसत 30.22 रहा है। वह IPL के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे हैं और उनकी गिनती उन खिलाड़ियों में होती है जिन्होंने IPL को अपनी स्पिन गेंदबाजी से नई ऊंचाई दी। हालांकि उम्र और लगातार बेहतर प्रदर्शन की मांग के कारण अब शायद उन्हें नए विकल्पों की तलाश है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अश्विन आगामी IPL 2026 सीज़न में किस टीम का हिस्सा बनते हैं और क्या वे अपने करियर को एक नई दिशा देने में सफल हो पाते हैं।