Private Flyover: BBMP की ऐतिहासिक मंजूरी! प्रेस्टिज ग्रुप बनाएगा बेंगलुरु में 1.5 KM लंबा फ्लाईओवर

Private Flyover: में अब तक जितने भी फ्लाईओवर बने हैं वे सभी सरकारी खर्चे पर तैयार किए गए हैं। लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है जब एक रियल एस्टेट कंपनी ने खुद के खर्चे पर फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी हासिल की है। बेंगलुरु स्थित प्रेस्टिज ग्रुप अब 1.5 किलोमीटर लंबा निजी फ्लाईओवर बनाने जा रहा है जो उनके अंडर-कंस्ट्रक्शन टेक पार्क को Outer Ring Road (ORR) से जोड़ेगा। यह फ्लाईओवर सार्वजनिक सड़क और एक नाले के समानांतर गुजरेगा।
BBMP ने दी ऐतिहासिक मंजूरी
ब्रुहत बेंगलुरु महानगर पालिके (BBMP) ने प्रेस्टिज ग्रुप को इस फ्लाईओवर के निर्माण की अनुमति दी है। इसके साथ ही यह कंपनी उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल हो गई है जिन्हें सार्वजनिक भूमि पर निजी फ्लाईओवर बनाने की इजाजत मिली है। शर्तों के तहत कंपनी को न केवल फ्लाईओवर का पूरा खर्च उठाना होगा, बल्कि करीयम्माना अग्राहारा रोड को भी चौड़ा करना होगा। इससे पहले लुलु मॉल और मैन्याटा एम्बेसी बिज़नेस पार्क जैसे कुछ नामी संस्थानों को भी ऐसी इजाजत दी जा चुकी है।
शर्तों के साथ मिली है अनुमति
BBMP ने फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कुछ अहम शर्तें भी रखी हैं। पहली शर्त है कि यह फ्लाईओवर केवल प्राइवेट इस्तेमाल के लिए नहीं होगा बल्कि आम लोगों के लिए भी खुला रहेगा। दूसरी शर्त के अनुसार, अगर प्रेस्टिज ग्रुप सड़क चौड़ीकरण के लिए अपनी जमीन देता है तो उसे Transferable Development Rights (TDR) मिल सकते हैं, लेकिन यह कानूनी दायरे में होना चाहिए। इसके अलावा, कंपनी को अपने खर्चे पर एक 40 फीट चौड़ी सड़क भी बनानी होगी जिससे साकरा हॉस्पिटल रोड तक की दूरी 2.5 किलोमीटर घट जाएगी।
2022 से चल रही थी स्वीकृति की प्रक्रिया
प्रेस्टिज ग्रुप ने पहली बार अगस्त 2022 में फ्लाईओवर के लिए अनुमति मांगी थी और फिर नवंबर 2023 में दोबारा आवेदन किया गया। इसके बाद अप्रैल 2025 में उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की सहमति के बाद BBMP ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी। गौरतलब है कि फ्लाईओवर के निर्माण की स्वीकृति टेक पार्क के भवन योजना को मंजूरी मिलने के लगभग एक साल बाद आई है। इस परियोजना को बेंगलुरु डेवलपमेंट अथॉरिटी (BDA) ने सितंबर 2023 में मंजूरी दे दी थी।
शहरी ढांचे को मजबूती देगी यह पहल
BBMP की यह पहल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल बेंगलुरु के ट्रैफिक जाम की समस्या कुछ हद तक सुलझेगी बल्कि निजी क्षेत्र की भागीदारी भी शहरी विकास में बढ़ेगी। प्रेस्टिज ग्रुप द्वारा बनाई जा रही यह सड़क और फ्लाईओवर क्षेत्र के निवासियों व कर्मचारियों के लिए राहत का काम करेगी और बेंगलुरु जैसे व्यस्त शहर में आवागमन को सरल बनाएगी।