PM मोदी ने कांग्रेस पर देश में अफवाह फैलाकर नागरिकों को डराने का आरोप लगाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच कांग्रेस देश के भीतर अफवाह फैलाने और राजनीति करने में लगी हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लाखों भारतीय भाई-बहन वहां काम कर रहे हैं और सरकार ने हमेशा सुनिश्चित किया है कि कोई भी देशवासी संकट में न फंसे। उन्होंने बताया कि बीजेपी-एनडीए की सरकार हर संकट में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
देश में स्थितियां बिगाड़ने की कोशिश कर रही कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस इस वैश्विक संकट में भी केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर उकसाने वाले और गैर-जिम्मेदाराना बयान देती है, ताकि स्थिति बिगड़ जाए और देशवासियों को संकट में फंसा कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा सके। मोदी ने कहा कि गल्फ के मित्र देशों की सरकारें भी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस की राजनीति देशहित के विपरीत है।

अफवाह फैलाने में जुटी कांग्रेस-लेफ्ट पार्टियां
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां देश के भीतर डर और असुरक्षा फैलाने में पूरी ताकत लगा रही हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इन अफवाहों से सतर्क रहें और इनके जाल में फंसे बिना स्थिति को समझें। पीएम मोदी ने चेतावनी दी कि देश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भ्रम फैलाना किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है और जनता को सचेत रहना चाहिए।
आत्मनिर्भर भारत और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार
PM मोदी ने रैली के दौरान आत्मनिर्भर भारत की महत्ता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी-एनडीए देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि कांग्रेस और लेफ्ट केवल अभियान का मजाक उड़ाने में लगे हैं। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में अन्य देशों पर निर्भरता कम करने के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र किया। मोदी ने बताया कि सोलर एनर्जी क्षमता बढ़ाई जा रही है, केरल में सोलर प्रोजेक्ट शुरू हुआ है और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
