व्यापार

India US Trade Deal: अतिरिक्त टैरिफ में कमी से भारत के निर्यात और रोजगार को मिलेगा बड़ा फायदा

India US Trade Deal: अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त आयात शुल्क में कटौती के ऐलान के बाद भारतीय व्यापारिक समुदाय और शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह देखा गया है। ट्रेड और इंडस्ट्री चैम्बर (CTI) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे वस्त्र, चमड़ा, रत्न और आभूषण, ऑटो कंपोनेंट्स, रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, समुद्री उत्पाद और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। यह कदम भारत के निर्यात और निवेश के माहौल में नई जान डालने वाला साबित होगा।

शेयर बाजार में तेजी और निवेशकों का बढ़ता उत्साह

CTI के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने बताया कि अतिरिक्त शुल्क लगाने के बाद शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता रही है। लेकिन जैसे ही शुल्क में कटौती की घोषणा हुई, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी आई और अमेरिकी बाजार से जुड़े शेयरों में जबरदस्त खरीदारी हुई। अदानी पोर्ट्स, अदानी ग्रीन, और अदानी एनर्जी के शेयरों में 8 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं भारत फोर्ज, मोथर्सन सुमी और सोना बीएलडब्ल्यू के शेयरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। गोयल ने कहा कि इस फैसले के बाद विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजार में फिर से बढ़ता हुआ रुझान भी देखा जा रहा है, जो लंबे समय बाद एक सकारात्मक संकेत है।

वर्षों से प्रभावित रहा भारत के निर्यात क्षेत्र को मिलेगा बल

गोयल ने बताया कि लगभग 50 प्रतिशत तक के अतिरिक्त टैरिफ के कारण भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में करीब 35 प्रतिशत महंगे हो गए थे, जिससे अमेरिकी खरीदार अन्य देशों की ओर मुड़ गए थे। इसका प्रभाव 48 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात पर पड़ा था और करीब एक मिलियन लोगों की नौकरियां भी जोखिम में आ गई थीं। अब शुल्क कटौती से निर्यात को पुनः मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में सुधार और आर्थिक मजबूती की उम्मीद

CTI का कहना है कि भारत से अमेरिका में फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र, रत्न और आभूषण, ऑटो कंपोनेंट्स, रसायन, समुद्री खाद्य पदार्थ, और इंजीनियरिंग उत्पाद निर्यात किए जाते हैं। वहीं अमेरिका से भारत को खनिज, कीमती पत्थर, मशीनरी, विमान उपकरण, इलेक्ट्रिकल व ऑप्टिकल सामान, और रसायन आते हैं। इस टैरिफ कटौती से दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे, निर्यात बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था को भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button