India AI Impact Summit: डीपफेक और अफवाहों से इंटरनेट का भरोसा टूट रहा, AI डेवलपर्स को जिम्मेदारी

दिल्ली में India AI Impact Summit 2026 का आयोजन शुरू हो चुका है। इस महाइवेंट में दुनियाभर के दिग्गज टेक लीडर्स और सरकारी प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। पहले दिन केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने AI के भविष्य और उसके संभावित खतरों पर बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने डीपफेक, अफवाहें और कॉपीराइट मुद्दों को लेकर आगाह किया कि इंटरनेट पर मौजूद कंटेंट्स पर लोगों का भरोसा तेजी से घट रहा है। उनका कहना था कि यह एक वैश्विक चिंता का विषय बन गया है।
एआई और क्रिएटर इकोनॉमी का प्रभाव
केंद्रीय मंत्री ने दुनिया के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिएटर इकोनॉमी पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। भारत के कई लोग ग्लोबल टेक कंपनियों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। एआई इस तेजी से बढ़ती इकोनॉमी में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि एआई से अधिकतम लाभ मिले और नुकसान न्यूनतम हो। एआई को लेकर उनका मानना है कि यह तेजी से बढ़ती तकनीक है और भारत इस नए ट्रेंड्स को तेजी से अपनाने के लिए तैयार है।

वर्कफोर्स को री-स्किल करना जरूरी
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एआई को तेजी से अपनाने के लिए मौजूदा वर्कफोर्स को नई तकनीक के हिसाब से री-स्किल करना आवश्यक है। इसके लिए अलग-अलग ट्रैक्स बनाए गए हैं, जिनमें एआई सेफ्टी और नैतिक पहलू शामिल हैं। इस समिट का उद्देश्य केवल नई तकनीक दिखाना नहीं है, बल्कि लोगों और समाज पर एआई के असर को समझाना भी है। उन्होंने यह भी कहा कि एआई से उत्पन्न नई नौकरियों और रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है।
डीपफेक और भरोसे का संकट
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एआई के सकारात्मक प्रभावों के साथ-साथ इसके निगेटिव पहलुओं पर भी ध्यान देना होगा। डीपफेक और मिस-इंफॉर्मेशन लोगों के बीच भरोसा तोड़ रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 20 देशों के मंत्रियों के साथ चर्चा में सभी ने सहमति जताई कि आने वाले समय में एआई के प्रभाव को अलग नजरिए से देखना होगा। इसके अलावा उन्होंने एडवांस लैब्स और क्रिएटर इकोसिस्टम पर फोकस करने की बात कही। भारत में कई एडवांस लैब्स मौजूद हैं जो ग्लोबल स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। वित्त मंत्री ने बजट में 15,000 स्कूलों में क्रिएटर्स के लिए स्पेशल लैब्स शुरू करने का ऐलान भी किया था।
