व्यापार

Electric air taxis: बेंगलुरु में उड़ने वाली टैक्सी का सपना साकार, सरला एविएशन ने शुरू किया ग्राउंड टेस्टिंग चरण

Electric air taxis: बेंगलुरु की मशहूर एयरोस्पेस स्टार्टअप सरला एविएशन ने सोमवार को अपने इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी प्रोग्राम के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। कंपनी ने बेंगलुरु स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी के ग्राउंड टेस्टिंग की शुरुआत कर दी है। सरला एविएशन का लक्ष्य साल 2028 तक बेंगलुरु में eVTOL (इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग) आधारित एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का है। इससे शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। इस कदम के साथ कंपनी का प्रोजेक्ट अब सिर्फ डिजिटल डिजाइन और लैब टेस्टिंग से आगे बढ़कर असली विमान स्तर की जांच तक पहुंच गया है, जो किसी भी एविएशन प्रोजेक्ट के लिए बेहद अहम माना जाता है।

सिर्फ 9 महीने में तैयार हुआ उन्नत eVTOL मॉडल

सरला एविएशन द्वारा विकसित SYLLA SYL-X1 नाम का हाफ-स्केल डेमॉन्स्ट्रेटर भारत में निजी क्षेत्र द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा और सबसे एडवांस eVTOL माना जा रहा है। इसका विंगस्पैन 7.5 मीटर है और इसे महज 9 महीनों में कम लागत में विकसित किया गया है। यह कंपनी की मजबूत इंजीनियरिंग क्षमता और तेज निष्पादन का उदाहरण है। SYL-X1 को खासतौर पर स्ट्रक्चरल मजबूती, प्रोपल्शन सिस्टम इंटीग्रेशन और सिस्टम-लेवल सेफ्टी की जांच के लिए डिजाइन किया गया है। इसे शुरू से ही सर्टिफिकेशन मानकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि भविष्य में 15 मीटर विंगस्पैन वाले फुल-स्केल एयर टैक्सी विमान का रास्ता आसान हो सके। इसी साल जनवरी में कंपनी ने इंडिया मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में अपने एयर टैक्सी प्रोटोटाइप ‘शून्य’ को भी पेश किया था, जो कम लागत, आसान संचालन और बेहतर सुरक्षा पर केंद्रित है।

निवेशकों का भरोसा, 13 मिलियन डॉलर की फंडिंग

फंडिंग के मोर्चे पर भी सरला एविएशन ने बड़ी सफलता हासिल की है। कंपनी अब तक कुल 13 मिलियन डॉलर (करीब 116 करोड़ रुपये) जुटा चुकी है। इसमें 2024 में प्री-सीड और सीड राउंड के बाद जनवरी 2025 में हुआ सीरीज-ए राउंड शामिल है। इस निवेश दौर का नेतृत्व मशहूर वेंचर कैपिटल फर्म Accel ने किया, जबकि इसमें निखिल कामथ (जेरोधा के सह-संस्थापक) और बिन्नी बंसल (फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक) जैसे बड़े नाम भी शामिल रहे। अक्टूबर 2023 में स्थापित इस स्टार्टअप की स्थापना एड्रियन श्मिट, राकेश गांवकर और शिवम चौहान ने की थी। संस्थापकों की टीम में ग्लोबल eVTOL अनुभव और भारतीय इंजीनियरिंग विशेषज्ञता का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है, जो कंपनी को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

भारत में बनेगा भविष्य का हवाई परिवहन मॉडल

सरला एविएशन का मुख्य फोकस सस्टेनेबिलिटी और सर्टिफिकेशन पर है। अगस्त 2025 में कंपनी ने पूर्व नागरिक उड्डयन सचिव राजीव बंसल को सलाहकार के रूप में भी जोड़ा, जिससे नियामक और नीतिगत स्तर पर कंपनी को मजबूती मिली है। कंपनी के को-फाउंडर और CTO राकेश गांवकर के अनुसार, “हमारा लक्ष्य सबसे पहले बाजार में आना नहीं, बल्कि सुरक्षित, टिकाऊ और प्रमाणित तकनीक विकसित करना है। हम एक ऐसा एविएशन प्लेटफॉर्म बना रहे हैं, जो पूरी तरह भारत में डिजाइन, निर्मित और संचालित होगा।” यह उपलब्धि भारत को उन चुनिंदा देशों की सूची में खड़ा करती है, जो अगली पीढ़ी की वर्टिकल फ्लाइट तकनीक को औद्योगिक स्तर पर विकसित कर रहे हैं। आने वाले वर्षों में सरला एविएशन की एयर टैक्सी न केवल शहरी परिवहन की तस्वीर बदलेगी, बल्कि ट्रैफिक जाम की समस्या का एक पर्यावरण-अनुकूल समाधान भी पेश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button