व्यापार

DA Hike News: 2026 में DA और DR में 2% की बढ़ोतरी, सरकार मार्च में कर सकती है घोषणा

DA Hike News: श्रम और रोजगार मंत्रालय ने वर्ष 2025 के लिए AICPI-IW इंडेक्स जारी कर दिया है, जो केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) के कैलकुलेशन में अहम भूमिका निभाता है। इसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि होली से पहले मौजूदा केंद्रीय कर्मचारियों की तनख्वाह में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। सिर्फ मौजूदा कर्मचारी ही नहीं, बल्कि रिटायर्ड केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी महंगाई राहत (DR) के रूप में यह बढ़ोतरी मिलने की उम्मीद है। जनवरी 2026 से यह नया DA और DR लागू होने की संभावना है।

AICPI-IW क्या है और कैसे तय होता है DA?

AICPI-IW यानी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स – इंडस्ट्रियल वर्कर्स, एक ऐसा इंडेक्स है जो विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में बदलाव को दर्शाता है। यह इंडेक्स श्रम मंत्रालय द्वारा हर महीने जारी किया जाता है। केंद्र सरकार इस इंडेक्स के पिछले 12 महीनों के औसत के आधार पर DA तय करती है। दिसंबर 2025 में AICPI-IW 148.2 दर्ज किया गया, जिसका 12 महीने का औसत 145.54 है। इसी के अनुसार DA लगभग 60.33 प्रतिशत निकला, जो वर्तमान DA 58 प्रतिशत से 2 प्रतिशत अधिक है। सरकार आमतौर पर DA की घोषणा राउंड फिगर में करती है, इसलिए इस बार DA 60 प्रतिशत पर स्थिर हो सकता है।

DA Hike News: 2026 में DA और DR में 2% की बढ़ोतरी, सरकार मार्च में कर सकती है घोषणा

7वें वेतन आयोग के बाद भी जारी रहेगा DA कैलकुलेशन

हालांकि 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है, लेकिन 8वें वेतन आयोग की सिफारिश और उनके लागू होने तक DA का कैलकुलेशन 7वें वेतन आयोग के बेसिक वेतन पर ही किया जाएगा। इससे पहले जून 2025 के डेटा के आधार पर अक्टूबर में DA में 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जिससे DA 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी या मार्च 2026 में DA में 2 प्रतिशत की और बढ़ोतरी कर दी जाएगी।

होली से पहले आ सकती है खुशखबरी, कितना बढ़ेगा वेतन?

सरकार आमतौर पर जनवरी माह के DA की घोषणा मार्च के महीने में करती है। होली 4 मार्च को है, इसलिए सरकार से इस त्योहार से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा हो सकती है। अगर DA 2 प्रतिशत बढ़ता है, तो जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 20,000 रुपये है, उनकी तनख्वाह में 400 रुपये की वृद्धि होगी। 30,000 रुपये सैलरी वालों को 600 रुपये और 1 लाख रुपये सैलरी वालों को 2,000 रुपये तक का फायदा मिलेगा। पेंशनर्स के लिए भी DR में समान वृद्धि की संभावना है, जिससे उनकी पेंशन में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button