Cyclone Monta कमजोर, लेकिन बारिश का कहर जारी! कई राज्यों में गिरी तापमान, ठंड ने दी दस्तक!

Cyclone Monta: पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में ठंडक महसूस की जा रही है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाए रहने और हल्के कोहरे की संभावना है। इस बीच, चक्रवात ‘मोंटा’ (Cyclone Monta) के कमजोर पड़ने के बावजूद उसके असर से कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जो शनिवार तक बने रहने की उम्मीद है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, चक्रवात ‘मोंटा’ का असर जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि चक्रवात मोंटा के कारण देश के कई हिस्सों में आज यानी 31 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) में शुक्रवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा में भी आज तेज बारिश और हवाओं की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कई राज्यों जैसे केरल, तेलंगाना, यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी आज भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों — मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड — में भी वर्षा का दौर जारी रहेगा। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी आज बारिश के आसार हैं।

बिहार और पूर्वांचल में भारी बारिश का कहर, कई जिलों में अलर्ट
बिहार में आज यानी शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट और येलो अलर्ट जारी किया है। सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बिजली के साथ वर्षा और आंधी की संभावना है। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में भी बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर से लेकर 6 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। अयोध्या, कानपुर, सुल्तानपुर, जौनपुर, बहराइच, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे जिलों में लगातार वर्षा और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
उत्तर भारत में ठंड ने बढ़ाई सिहरन, हिमाचल और राजस्थान में गिरा पारा
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। राजस्थान के कई इलाकों में तो ठंड का असर गंभीर रूप ले चुका है। वहीं हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। दिल्ली-एनसीआर में भी सुबह-शाम ठंडी हवाओं के झोंके महसूस किए जा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते उत्तर भारत अब धीरे-धीरे सर्द मौसम के आगोश में प्रवेश कर चुका है।
