BSNL ने उठाया बड़ा कदम, eSIM सुविधा से क्या बदल जाएगी सरकारी टेलीकॉम कंपनी की किस्मत?

सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल (BSNL) ने अपने ग्राहकों के लिए ई-सिम (eSIM) सुविधा शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत तमिलनाडु सर्किल से की गई है और आने वाले समय में इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लॉन्च किया जाएगा। इस कदम के साथ बीएसएनएल अब प्राइवेट ऑपरेटर कंपनियों एयरटेल, जियो और वोडाफोन-आइडिया (Vi) के बराबरी पर खड़ा हो गया है। बीएसएनएल का यह कदम न सिर्फ तकनीकी उन्नति का संकेत है, बल्कि यह ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत आधुनिक और सुरक्षित कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है। कंपनी के सीएमडी रॉबर्ट जे. रवि का कहना है कि यह तकनीक ग्राहकों को पारंपरिक प्लास्टिक सिम की तुलना में ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित अनुभव प्रदान करेगी।
ई-सिम कैसे काम करता है?
ई-सिम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ग्राहकों को अलग से फिजिकल सिम कार्ड रखने की आवश्यकता नहीं होती। इसके बजाय, ग्राहक अपने डिवाइस पर सीधे क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन करके अपना सिम प्रोफाइल डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पहले ग्राहक को नज़दीकी बीएसएनएल कस्टमर सर्विस सेंटर पर जाकर केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उसके बाद बीएसएनएल की टीम एक वन-टाइम क्यूआर कोड उपलब्ध कराएगी, जिसे स्कैन करके ई-सिम प्रोफाइल डिवाइस में डाउनलोड किया जा सकेगा। ई-सिम की मदद से ग्राहकों को न सिर्फ आसान एक्टिवेशन मिलेगा, बल्कि एक ही डिवाइस में दो नंबर रखने की सुविधा और पारंपरिक सिम की तुलना में बेहतर सुरक्षा भी उपलब्ध होगी।
BSNL takes a giant leap!
On 14th August 2025, CMD BSNL A. Robert J. Ravi announced the soft launch of E-SIM in Tamil Nadu, a PAN India Anti-Spam Network, BiTV Premium Packs, and the BSNL–MTNL Converged CMD Customer Grievance Monitoring Cell, the rollout of 4G services in Delhi… pic.twitter.com/DDYatiHZnN
— BSNL India (@BSNLCorporate) August 15, 2025
उपलब्धता और एक्टिवेशन प्रक्रिया
बीएसएनएल की यह सेवा उन सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध है जिनके पास ई-सिम सपोर्टेड डिवाइस हैं। ग्राहक चाहे नए हों या पुराने, दोनों इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। पुराने ग्राहक चाहें तो अपने मौजूदा फिजिकल सिम को ई-सिम में बदल सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल पहचान पत्र के साथ नज़दीकी बीएसएनएल सेवा केंद्र पर जाना होगा। वहां डिजिटल वेरिफिकेशन के बाद उन्हें एक यूनिक क्यूआर कोड दिया जाएगा। इस क्यूआर कोड को स्कैन करते ही ई-सिम प्रोफाइल फोन में सक्रिय हो जाएगी। इस प्रक्रिया में ग्राहकों को अलग से किसी ऐप को डाउनलोड करने या डिवाइस सेटिंग्स में बदलाव करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
एंटी-स्पैम और सुरक्षा प्रणाली
ई-सिम सुविधा के साथ-साथ बीएसएनएल ने पूरे देश में अपने ग्राहकों के लिए एंटी-स्पैम और एंटी-स्मिशिंग (Anti-Smishing) सुरक्षा फीचर भी शुरू किया है। इसका उद्देश्य लोगों को उन धोखाधड़ी वाले एसएमएस और मैसेज से बचाना है, जिनके जरिए संवेदनशील जानकारी लेकर आर्थिक नुकसान या पहचान चोरी की घटनाएं हो सकती हैं। यह समाधान टैनला प्लेटफॉर्म्स (Tanla Platforms) द्वारा विकसित किया गया है और इसे सीधे नेटवर्क स्तर पर सक्रिय किया जा सकता है। यानी ग्राहकों को इसके लिए किसी अलग एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने या फोन की सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं होगी। बीएसएनएल का मानना है कि ई-सिम और यह नई सुरक्षा तकनीक ग्राहकों के अनुभव को और भी सुरक्षित, आधुनिक और भरोसेमंद बनाएगी।
