देश

Odisha में हैवानियत, 15 साल की बच्ची को पेट्रोल डालकर जलाया, राज्य में महिला सुरक्षा पर सवाल

Odisha के पुरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कुछ बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। यह दर्दनाक घटना शनिवार को बायाबर गांव में उस समय घटी जब पीड़िता अपने दोस्त के घर जा रही थी। जानकारी के अनुसार, रास्ते में तीन बदमाश अचानक आए और उन्होंने लड़की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लड़की बुरी तरह झुलस गई और उसे गंभीर अवस्था में भुवनेश्वर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया कि लड़की करीब 70 प्रतिशत तक जल चुकी है और डॉक्टर उसकी जान बचाने के प्रयास में लगे हुए हैं।

विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सरकार पर उठाए सवाल

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं राज्य में शासन व्यवस्था की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “ऐसी असहनीय घटनाएं अब ओडिशा में लगभग हर दिन सामने आ रही हैं। ये केवल अलग-अलग हिंसा की घटनाएं नहीं हैं, बल्कि शासन की विफलता का संकेत दे रही हैं।” पटनायक ने राज्य में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए और सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

डिप्टी सीएम ने जताई नाराजगी, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

ओडिशा की उप मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परिदा ने भी इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पुरी जिले के बालंगा में कुछ बदमाशों द्वारा 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने की घटना बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। बच्ची को तुरंत भुवनेश्वर एम्स में भर्ती कराया गया और उसके इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। पुलिस को आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।” इस बीच, पुरी एसपी पिनाक मिश्रा ने बताया कि मामले में कुछ लड़कों ने लड़की को एकांत जगह पर शोषण किया और बाद में पेट्रोल डालकर उसे जलाने की कोशिश की।

पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम, पीड़िता की हालत गंभीर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। पुरी एसपी ने बताया कि वैज्ञानिक और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है और जांच जारी है। बालंगा थाना अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान में लगी हुई है। फिलहाल पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है, इसलिए पुलिस ने अभी उससे विस्तार से पूछताछ नहीं की है। पीड़िता की स्थिति में सुधार होने के बाद उससे बयान लेकर मामले से जुड़े तथ्य जुटाए जाएंगे। यह घटना न केवल ओडिशा में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि यह राज्य सरकार के लिए कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की चुनौती भी बन गई है। राज्य भर में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button