Bluetooth And Wi-Fi: अब ब्लूटूथ और वाईफाई हमेशा ऑन रखने से स्मार्टफोन की बैटरी नहीं होती जल्दी खत्म

Bluetooth And Wi-Fi: अगर आप स्मार्टफोन यूज करते हैं तो आपने अक्सर सुना होगा कि फोन का ब्लूटूथ और वाईफाई बंद रखना चाहिए। इसके पीछे तर्क दिया जाता था कि इससे फोन की बैटरी ज्यादा लंबे समय तक चलेगी। हालांकि, समय के साथ टेक्नोलॉजी में बदलाव आया है। अब मॉडर्न स्मार्टफोन में ब्लूटूथ और वाईफाई का बैटरी पर असर बहुत कम होता है। यह जानना जरूरी है कि ब्लूटूथ और वाईफाई की आधुनिक तकनीक बैटरी बचाने के लिए डिज़ाइन की गई है।
ब्लूटूथ लो एनर्जी तकनीक से बैटरी की बचत
आजकल के स्मार्टफोन ब्लूटूथ लो एनर्जी (BLE) तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। इस तकनीक के चलते ब्लूटूथ एक्टिव रहते हुए भी न के बराबर बैटरी खपत करता है। उदाहरण के लिए, सामान्य उपयोग में ब्लूटूथ केवल 2.5 mW एनर्जी खर्च करता है। इसका मतलब है कि अगर आप हमेशा ब्लूटूथ ऑन रखते हैं तो केवल ब्लूटूथ की वजह से बैटरी डिस्चार्ज होने में लगभग 3 महीने लग सकते हैं। ब्लूटूथ को केवल कुछ मीटर तक सिग्नल भेजना होता है जैसे कि फोन से हेडफोन या स्मार्टवॉच तक, इसलिए यह कम ऊर्जा का इस्तेमाल करता है। जब डेटा ट्रांसफर सक्रिय नहीं होता, तो यह ‘स्लीप मोड’ में चला जाता है और बैटरी लगभग नहीं खर्च करता।

वाईफाई मोबाइल नेटवर्क से कम बैटरी खपत करता है
मोबाइल नेटवर्क की तुलना में वाईफाई कम बैटरी खपत करता है। अगर आपके पास मोबाइल डेटा और वाईफाई दोनों हैं और आप वाईफाई यूज कर रहे हैं, तो फोन की बैटरी ज्यादा चलेगी। वाईफाई चालू रहने पर बैटरी खर्च दो बातों पर निर्भर करता है। अगर फोन किसी वाईफाई नेटवर्क से जुड़ा है और आप उसका उपयोग नहीं कर रहे, तो बैटरी की खपत न के बराबर होती है। वहीं, अगर आप सफर कर रहे हैं और वाईफाई ऑन है, तो फोन लगातार नए नेटवर्क खोजता रहता है। इससे थोड़ी बैटरी खर्च होती है, लेकिन दिन भर में यह केवल 1-2 परसेंट के आसपास होती है।
स्मार्टफोन यूजर्स के लिए सुझाव
इस टेक्नोलॉजी के बदलाव को ध्यान में रखते हुए अब फोन का ब्लूटूथ या वाईफाई बार-बार बंद करने की जरूरत नहीं है। स्मार्टफोन यूजर्स को चाहिए कि अगर घर, ऑफिस या किसी भरोसेमंद नेटवर्क पर हैं, तो वाईफाई का इस्तेमाल करें। ब्लूटूथ डिवाइस जैसे हेडफोन, स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड हमेशा एक्टिव रख सकते हैं। इससे बैटरी पर असर न के बराबर होगा और आपको लगातार चार्ज करने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। मॉडर्न स्मार्टफोन की एडवांस्ड बैटरी मैनेजमेंट तकनीक के चलते लंबे समय तक फोन का इस्तेमाल आराम से किया जा सकता है।
