खेल

Asia Cup Rising Star 2026: भारत महिला टीम ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई अपनी जगह

Asia Cup Rising Star 2026: थाईलैंड के बैंकॉक में चल रहे वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना श्रीलंका की महिला टीम से हुआ, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने एकतरफा मुकाबला खेलते हुए टीम को जीत दिलाई। टीम इंडिया ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत में भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों का शानदार योगदान रहा।

गेंदबाजों ने किया श्रीलंका की पारी को सीमित

सेमीफाइनल में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली श्रीलंका की महिला टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। उनकी पूरी टीम 19.4 ओवर में केवल 118 रन पर ऑल आउट हो गई। कप्तान राधा यादव ने 3.4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। प्रेमा रावत ने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। तनुजा कंवर ने भी 2 विकेट झटके। इसके अलावा अन्य गेंदबाजों ने भी शानदार गेंदबाजी कर श्रीलंका को बड़े स्कोर तक पहुँचने से रोक दिया।

Asia Cup Rising Star 2026: भारत महिला टीम ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई अपनी जगह

बल्लेबाजी में वृंदा दिनेश ने खेली दमदार पारी

119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम ने शुरुआत में तेज गति से रन बनाए। 30 रन के स्कोर पर टीम ने अपना पहला विकेट खोया। इसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा ने 24 गेंदों में 47 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में रखा। इस साझेदारी में वृंदा दिनेश ने 20 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी आक्रामक और बेहतरीन बल्लेबाजी ने भारत को सिर्फ 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल करवा दिया।

फाइनल में होगा पाकिस्तान या बांग्लादेश से मुकाबला

वुमेंस एशिया कप का फाइनल मुकाबला 22 फरवरी को खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान या बांग्लादेश की टीम से होगा। इन दोनों टीमों के बीच अभी सेमीफाइनल खेला जाना बाकी है। भारत की महिला टीम ने अपनी तेज गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी से टूर्नामेंट में दमदार छाप छोड़ी है। फाइनल में भी टीम के यही प्रदर्शन जीत की उम्मीद जगाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button