Alia Bhatt के साथ 76 लाख की धोखाधड़ी! सबसे करीबी निकली सबसे बड़ी गुनहगार

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री Alia Bhatt की ज़िंदगी में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। मुंबई पुलिस ने आलिया की पूर्व सेक्रेटरी वेदिका शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अभिनेत्री के साथ 76 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। कहा जा रहा है कि वेदिका ने आलिया की प्रोडक्शन कंपनी और उनके निजी खाते से फर्जी बिलों के जरिये यह रकम हड़प ली। जुहू पुलिस स्टेशन में इस मामले में जनवरी 2025 में शिकायत दर्ज की गई थी। अब जाकर पुलिस को आरोपी महिला का सुराग मिला।
दो साल तक फर्जीवाड़ा और फिर 5 महीने की फरारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह पूरा फर्जीवाड़ा मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच किया गया। वेदिका ने कई फर्जी बिल तैयार किए और आलिया के साइन लेकर उन्हें पास करवा दिया। इसके बाद पैसे अपने एक दोस्त के अकाउंट में ट्रांसफर करवा दिए। दो साल तक यह घोटाला किसी को भनक तक नहीं लगी। जनवरी में केस दर्ज होते ही वेदिका फरार हो गई थी। पुलिस उसे 5 महीने से तलाश रही थी और आखिरकार बेंगलुरु से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेशी के बाद अब उसे 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
Instagram पर यह पोस्ट देखें
अब तक चुप हैं आलिया और उनकी टीम
इस पूरे मामले में अभी तक आलिया भट्ट या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में इस खबर को लेकर काफी हैरानी है क्योंकि वेदिका लंबे समय से आलिया की करीबी मानी जाती थीं। कुछ सूत्रों का मानना है कि आलिया इस घटना से काफी आहत हैं और इसी कारण उन्होंने अब तक चुप्पी साध रखी है।
‘डार्लिंग्स’ से शुरू हुआ था प्रोडक्शन सफर
बात करें आलिया भट्ट के प्रोडक्शन हाउस ‘Eternal Sunshine Productions’ की तो इसकी पहली फिल्म ‘डार्लिंग्स’ थी। इस फिल्म में आलिया के साथ शेफाली शाह और विजय वर्मा भी नजर आए थे। फिल्म को शाहरुख खान की रेड चिली एंटरटेनमेंट ने को-प्रोड्यूस किया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली थी। इसी प्रोडक्शन कंपनी के नाम से यह घोटाला किया गया जो अब चर्चा में है।
आलिया के आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स
घोटाले की खबर के बावजूद आलिया भट्ट अपने करियर को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। वह जल्द ही ‘अल्फा’ फिल्म में नजर आएंगी जिसमें शरवरी वाघ उनके साथ होंगी। यह फिल्म एक स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है और 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी। इसके अलावा वह रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएंगी। वहीं फरहान अख्तर की ‘जी ले ज़रा’ भी उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में है जिसमें प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ भी शामिल हैं।