देश

AI Impact Summit Protest: AI समिट प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस रिमांड

AI Impact Summit Protest: दिल्ली में AI समिट के दौरान भारत मंडपम के बाहर प्रदर्शन करने वाले चार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव को शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने सभी को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। कोर्ट ने पुलिस को हिरासत में पूछताछ की अनुमति दी और चारों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अब सभी आरोपियों की आगे की जांच पुलिस कस्टडी में की जाएगी।

आरोप- देश विरोधी नारे और पुलिस से झड़प

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रदर्शन के दौरान देश विरोधी और ‘देश को बांटने वाले’ नारे लगाए। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराई और रोकने की कोशिश करने पर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया, जिससे तीन से चार जवान घायल हुए। मामले में दिल्ली पुलिस ने बीएनएस की धारा 132 समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच के लिए आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं और उनके राज्यों में जाकर साजिश और फंडिंग स्रोत की पड़ताल की जाएगी।

AI Impact Summit Protest: AI समिट प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस रिमांड

बचाव पक्ष का तर्क- शांतिपूर्ण प्रदर्शन

चारों कार्यकर्ताओं के वकील ने अदालत में तर्क दिया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और किसी को चोट पहुंचाने का कोई ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है और पुलिस रिमांड की मांग अनावश्यक है। वकील ने यह भी कहा कि अगर प्रदर्शन के आधार पर गिरफ्तारी की जाती है तो संसद में विरोध करने वाले नेताओं पर भी यही कार्रवाई होनी चाहिए। बचाव पक्ष ने आरोपियों की जमानत याचिका दाखिल की और अदालत से उनके भविष्य को देखते हुए जमानत देने की गुहार लगाई।

राजनीतिक माहौल भी गरम

इस घटना के बाद राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। कुछ कार्यकर्ताओं ने आरएएफ की बैरिकेडिंग तोड़कर कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस बीच कोर्ट ने जमानत और रिमांड पर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। राजधानी में राजनीतिक और कानून व्यवस्था का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस सभी संभावित घटनाओं पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button