अभिषेक शर्मा और ईशान किशन का तूफान, SRH ने प्रैक्टिस मैच में मचाई तबाही

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने ही खिलाड़ियों के बीच प्रैक्टिस मैच खेलकर विरोधियों को बड़ा संदेश दे दिया है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बल्लेबाजों ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने आने वाले सीजन के लिए खौफ पैदा कर दिया है। इस मैच में एसआरएच ए और एसआरएच बी के बीच भिड़ंत हुई और दोनों टीमों ने मिलकर 500 से ज्यादा रन बना दिए। यह साफ संकेत है कि इस बार सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी पहले से भी ज्यादा खतरनाक होने वाली है।
अभिषेक शर्मा का तूफान, शतक से चूके लेकिन दिल जीत लिया
इस प्रैक्टिस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक शर्मा की रही जिन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 94 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हालांकि वह शतक से चूक गए लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने यह साबित कर दिया कि वह आईपीएल 2026 में टीम के सबसे बड़े हथियार बन सकते हैं। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 31 गेंदों में 49 रन बनाए जबकि युवा खिलाड़ी सलिल अरोड़ा ने सिर्फ 16 गेंदों में 47 रन जड़कर अपनी ताकत दिखा दी। एसआरएच ए की टीम ने 21 ओवर में 253 रन बनाए जो किसी भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण स्कोर है।

एसआरएच बी ने किया पलटवार, 282 रन बनाकर चौंकाया
जहां एक तरफ एसआरएच ए ने बड़ा स्कोर खड़ा किया वहीं एसआरएच बी ने उससे भी ज्यादा आक्रामक खेल दिखाते हुए 20 ओवर में 282 रन बना दिए। इस पारी में ईशान किशन ने सिर्फ 25 गेंदों में 72 रन ठोककर अपनी कप्तानी का दम भी दिखाया। सलिल अरोड़ा ने यहां भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 56 रन बनाए और साबित किया कि वह टीम के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं। हर्ष दुबे ने 14 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर मैच को और रोमांचक बना दिया। गेंदबाजी में हर्षल पटेल ने 3 विकेट लेकर कुछ राहत जरूर दिलाई लेकिन कुल मिलाकर यह मुकाबला बल्लेबाजों के नाम रहा।
पहले ही मैच में बड़ा मुकाबला, ईशान किशन संभालेंगे कमान
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बेहद अहम होने वाला है क्योंकि उन्हें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करना है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह फिट नहीं हैं इसलिए इस मैच में ईशान किशन टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। ईशान पहले भी अपनी कप्तानी में झारखंड को खिताब दिला चुके हैं इसलिए उनसे काफी उम्मीदें हैं। प्रैक्टिस मैच में जिस तरह की बल्लेबाजी देखने को मिली है उससे साफ है कि सनराइजर्स हैदराबाद इस बार खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है और विरोधी टीमों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
