8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग का बड़ा अपडेट, कर्मचारियों को कब मिलेगा एरियर और बढ़ेगी सैलरी

8th Pay Commission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का बेसब्री से इंतजार है। लोग जानना चाहते हैं कि यह आयोग कब लागू होगा और एरियर कब मिलेगा। सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग के लिए टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दे दी है। आयोग की अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। बताया जा रहा है कि आयोग 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप देगा।
8वें वेतन आयोग कब लागू होगा?
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि 8वां वेतन आयोग कब से लागू होगा। सरकार ने अभी तक लागू करने की कोई तारीख तय नहीं की है। सूत्रों की मानें तो आयोग दिसंबर 2026 तक अंतरिम रिपोर्ट पेश कर सकता है, जबकि फाइनल रिपोर्ट 2027 में आने की संभावना है। रिपोर्ट जमा होने के बाद ही सिफारिशें लागू होंगी। विशेषज्ञों के अनुसार, आयोग लागू होने के समय कर्मचारियों को एरियर भी मिलेगा, जो 1 जनवरी 2026 से कैलकुलेट होगा।

एरियर और कैलकुलेशन की जानकारी
मान लें कि आयोग अपनी रिपोर्ट 18 महीने के अंदर जमा कर देता है, तब भी इसे लागू करने में समय लगेगा। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, GenZCFO के फाउंडर CA मनीष मिश्रा ने कहा कि एरियर 1 जनवरी 2026 से कैलकुलेट किया जाएगा। इसका मतलब यह है कि कर्मचारियों को पिछली तारीख से लेकर आयोग लागू होने तक का भुगतान एक साथ मिल सकता है। यह कदम कर्मचारियों के लिए वित्तीय राहत का काम करेगा और उन्हें लंबे समय से लंबित राशि मिलने की उम्मीद है।
सैलरी में बढ़ोतरी और फिटमेंट फैक्टर
8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी नहीं आया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सैलरी में 20 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिटमेंट फैक्टर 2.4 से 3.0 के अनुसार, न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 30–32 हजार रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं, अगर 3.25 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो बेसिक सैलरी 58,500 रुपये तक बढ़ सकती है। ज्यादातर कर्मचारी प्रतिनिधि 3.25 फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं।
